Monday 27 July 2009

देवीधुरा : पत्थरों से बरसती हैं नेमतें

उत्तराखंड की संस्कृति यहां के लोक पर्व और मेलों में स्पंदित होती है। यूं तो राज्य में जगह-जगह साल भर मेलों का आयोजन चलता रहता है, लेकिन कुछ मेले ऐसे हैं जो अपनी अलग ही पहचान बनाए हुए हैं। कुमांऊ के देवीधुरा नामक स्थान पर लगने वाला बगवाल मेला इन्हीं में एक है, जो हर साल रक्षा बंधन के दिन मनाया जाता है। इस अनूठे मेले की खास विशेषता ये है कि इसमें पत्थरों का रोमांचकारी युद्ध होता है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग जुटते हैं। चंपावत जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर अल्मोडा-लोहाघाट मार्ग पर बसा देवीधुरा समुद्रतल से करीब 2500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहीं पर विशाल शिलाखंडों के मध्य प्राकृतिक रूप से बनी गुफा में मां बराही देवी का मंदिर है। मंदिर तक पहुंचने के लिए संकरी गुफा है। मंदिर के पास ही खोलीखांड दुबाचौड का लंबा-चौडा मैदान है। यहां पर रक्षा बंधन के दिन बगवाल यानी पत्थरों का रोमांचकारी युद्ध होता है। यह खेल लमगडिया, चम्याल, गहरवाल और बालिग खापों के बीच खेला जाता है। इन चारों खापों से जुडे आसपास के गांव के लोग इसमें हिस्सा लेते हैं। पत्थरों के इस रोमांचकारी खेल के पीछे कई लोकमान्यताएं जुडी हैं। इन्हीं के अनुसार प्राचीन काल में मां बराही देवी को प्रसन्न करने के लिए यहां नरबलि देने की प्रथा थी। कहा जाता है कि हर साल इन चारों खापों के परिवारों में से किसी एक सदस्य की बलि दी जाती थी। एक बार एक खाप की बूढी महिला के पोते की बारी आई लेकिन महिला ने अपने पोते की बलि देने से इंकार कर दिया। कहीं देवी कुपित न हो जाए, यह सोचकर गांव वालों ने निर्णय लिया कि बगवाल खेलकर यानी पत्थरों का रोमांचकारी खेल खेलकर एक मनुष्य शरीर के बराबर रक्त बहाया जाए। तभी से नरबलि के प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप इस परंपरा को जीवित रखते हुए हर साल रक्षाबंधन के दिन चारों खापों के लोग यहां ढोल नगाडों के साथ पहुंचते हैं और पत्थरों के रोमांचकारी खेल को खेलते हैं। चारों खापों के लडाके युद्ध के मैदान खोलीखांड और दुबाचौड के मैदान में परंपरागत युद्ध पोशाक और छतोलियों को हाथ में लिए ढोल नगाडों के साथ मां बराही के मंदिर में पहुंचते हैं। सबसे पहले इन चारों खापों के योद्धाओं द्वारा मंदिर की परिक्रमा और पूजा-अर्चना की जाती है और फिर मंदिर के लंबे-चौडे प्रांगण में युद्ध के लिए मोर्च पर डट जाते हैं। लमगडिया और बालिग खाप के योद्धा दक्षिण दिशा में होते हैं और गहरवाल और चम्याल खाप के लडाके उत्तर दिशा में होते हैं। पुजारी के शंखनाद के साथ ही बगवाल शुरू हो जाती है और फिर शुरू होता है पत्थरों का रोमांचकारी युद्ध जिसमें लोगों की सांसें थम जाती हैं। युद्ध के दौरान घायल लडाके पत्थरों की चोट को माता का प्रसाद मानते हैं। युद्ध के दौरान मैदान का दृश्य देखने लायक होता है। बांस की बनी छतोलियों से लडाके अपना बचाव करते हैं। इस चोट पर किसी तरह की मरहम पट्टी नहीं की जाती। जिस समय ये रोमांचकारी युद्ध होता रहता है, पुजारी मंदिर में बैठकर मां बराही की पूजा अर्चना करता रहता है। यकायक वह भाववश मैदान में पहुंच शंखनाद करता है और पुजारी के शंखनाद के साथ ही पत्थरों के इस रोमांचकारी खेल को रोक दिया जाता है। इसके बाद चारों खापों के योद्धा आपस में गले मिलते हैं। इससे पहले सुबह मंदिर में मां वराही की प्रतिमा को को चारों खाप के लोग नंदगृह ले जाते हैं, जहां पर मूर्तियों को दूध से नहलाया जाता है और नए परिधानों से सुसज्जित किया जाता है। सामान्य दिनों में यह प्रतिमा तांबे के बक्से में विराजमान रहती है जिसके एक खाने में मां काली और एक खाने में मां सरस्वती की मू्र्ति भी रखी गई हैं। हर साल रक्षा बंधन के दिन पत्थरों के इस रोमांचकारी खेल को देखने के लिए हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इनमें विदेशी पर्यटकों की तादाद भी होती है। यह मेला पर्यटन का स्वरूप लेता जा रहा है। अब मेले से पहले एक हफ्ते तक देवीधुरा में विभिन्न स्टाल आदि लगाए जाते हैं। रंगारंग कार्यक्रम चलते रहते हैं जिनमें उत्तराखंड की संस्कृ्ति के दर्शन देखने को मिलते हैं। यह सारा इलाका धार्मिक रूप से जितना प्रसिद्ध है, प्राकृतिक रूप से उतना ही सुंदर है। यही वजह है कि लोकपरंपराओं से जुडे इस अनूठे मेले को देखने श्रद्धालु तो पहुंचते ही हैं, साथ ही साथ प्रकृति प्रेमी भी यहां आना नहीं भूलते। कैसे पहुंचे यहां पहुंचने के लिए आप बस या रेल मार्ग का सहारा ले सकते हैं। अगर आप रेल से आना चाहें तो देश के किसी भी कोने से आप टनकपुर या काठगोदाम पहुंच सकते हैं। टनकपुर और काठगोदाम सीधी रेल सेवा से जुडे हैं। उसके बाद इन दोनों स्थानों से देवीधुरा की दूरी तकरीबन 150 किलोमीटर है।

No comments:

Post a Comment