Friday 24 April 2009

उक्रांद प्रकरण: बचदा ने भेजी जंतवाल को पाती

देहरादून। रिश्तों में आई तल्खी को कम करने की नीयत से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बची सिंह रावत ने उक्रांद अध्यक्ष नारायण सिंह जंतवाल को एक पाती भेजी है। इसमें तमाम पुरानी बातों को याद दिलाते हुए कहा गया है कि गठबंधन तो पांच साल के लिए किया गया था। काबीना मंत्री डा.निशंक ने इस पत्र का मजमून पढ़कर सुनाया। इसमें कहा गया है कि राज्य विरोधी ताकतों को सत्ता से बाहर रखने के लिए भाजपा और उक्रांद ने नौ बिंदुओं के आधार पर गठबंधन किया था। सरकार ने इन सभी बिंदुओं पर निष्ठा के साथ काम किया गया। वर्तमान राजनीतिक हालात में जरूरत इस बात की है कि वोटों का विभाजन न हो और सूबे की सरकार राज्यवासियों के हित में काम करती रहे। यही गठबंधन धर्म का तकाजा भी है। बचदा ने लिखा है कि काबीना मंत्री दिवाकर भंट्ट और वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी के इस्तीफा देने पर अफवाहों का बाजार गर्म हो रहा है। इससे गठबंधन पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। अगर समझौते के बारे में कोई संशय हो या फिर कोई अन्य शंका तो इस बारे में फिर से बैठकर समाधान का कोई रास्ता तलाशा जा सकता है। उम्मीद है कि विषय की गंभीरता को देखते हुए आप फिलहाल छाए संशय के बादल समाप्त करने की दिशा में काम करेंगे।

No comments:

Post a Comment