Saturday 25 April 2009

विकास होंगे भगत के राजनीतिक उत्तराधिकारी

हल्द्वानी: आखिर वनमंत्री बंशीधर भगत के बेटे विकास भगत ने भी राजनैतिक डोर थाम ली है। सादे समारोह में उन्होंने भाजयुमो की सदस्यता ग्रहण की। पेशे से उद्योगपति विकास ने कहा कि उनका राजनैतिक मकसद जनहित के कार्यो को आगे बढ़ाना रहेगा। वनमंत्री श्री भगत ने राजनीति की लंबी पारी खेली है, वर्तमान में भी उनकी पहचान उत्तराखंड के जाने-माने राजनीतिज्ञों में की जाती है। लेकिन अपने बड़े परिवार में श्री भगत का कोई राजनैतिक उत्तराधिकारी नहीं था। लिहाजा वह जनहित के सभी काम अकेले ही निपटाते थे। इस समस्या के निस्तारण के लिए भाजपा नेता लंबे अरसे से वनमंत्री के बेटे विकास भगत को राजनीति में लाने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन सिडकुल में निजी उद्योग चलाने में व्यस्त विकास राजनीति में आने की जल्दबाजी में नहीं थे। भारी मशक्कत के बाद पार्टीजनों को शुक्रवार को विकास को भाजपा में लाने की कामयाबी मिल गयी। प्रदेशाध्यक्ष बची सिंह रावत, विधायक गोविंद बिष्ट, ब्लाक अध्यक्ष राजेन्द्र बिष्ट आदि ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर भाजयुमो के जिलाध्यक्ष प्रकाश रावत ने विकास को मोर्चा का ब्लाक उपाध्यक्ष घोषित करते हुए कहा कि युवाओं के जुड़ने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। भाजपा में शामिल होने के बाद उत्साहित विकास ने कहा कि अभी तक वह अप्रत्यक्ष रूप से जनसेवा का काम करते रहे हैं। लेकिन अब वह पार्टी को मजबूत करने में हर संभव मदद करेंगे। साथ ही जनता व अपने पिता के बीच कड़ी बनने की भी कोशिश करेंगे। जनहित कायरें को उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताया।

No comments:

Post a Comment