Saturday 14 March 2009

पूर्णागिरि मेला शुरू श्रद्धालु उमड़े

टनकपुर (चंपावत): देश का प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गया। जिलाधिकारी अवनेन्द्र नयाल के फीता काटते ही श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन को उमड़ पड़े। इस बार सरकारी तौर पर मेला छह जून तक चलेगा। टनकपुर से 13 किमी दूर ठूलीगाढ स्थित जिला पंचायत मेला कैम्प के पास शुक्रवार को अपराह्न एक बजे पूर्णागिरि धाम के मुख्य पुजारी भुवन चन्द्र पांडे के मंत्रोच्चारण के बीच श्री नयाल ने मेले का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा मुख्य मंदिर के नीचे चट्टान में आई दरार के कारण कालिका मंदिर में बेरिकेटिंग कर श्रद्धालुओं को कम संख्या में दर्शन के लिए भेजा जा रहा है। ऐसा मंदिर पर दबाव कम करने के लिए किया जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने बताया कि तीर्थ यात्रियों के लिए जिला पंचायत ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सफाई, रैन बसेरा आदि के विशेष इतंजाम किये हैं। पुलिस अधीक्षक रिधिम अग्रवाल ने कहा कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था के कडे़ बंदोबस्त किये गये हैं। सीमा पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। ठूलीगाढ़ बैरियर का जिम्मा एसएसबी ने संभाल लिया है। श्रद्घालुओं की सुविधा-सुरक्षा के मद्देनजर ठूलीगाढ़-भैरव मंदिर के लिए टेंडर के आधार पर 21 बंद बाडी वाहन संचालित होंगे। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष और सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

1 comment:

  1. MAA PURNAGIRI MANDIR KEY NECHEY AAYI DAARAR KEY LIYE SARKAR KO RAGISTRATION CHALU KAR DENA CHAIYE JISEY YAATRI BINA BAHGHAM BHAG KEY DARSHAN KAR LEGA AGAR EK BAAR MAIN DAS YAATRI JAATEY HAI TOO MANDIR MAIN JYADA DER RUKNEY NA DIYA JAIN NICHEY BARIER SEY MANDIR TAK THODI THODI DURI PER OR BARIYAAR BANA DIYE JAYEN TAKI KISI BHI YAATRI KO JYADAA SAMEY NA LAGEY ESEY YAATRA MAIN KAFI FARKE PARE JAYENGA

    FROM
    MAA KA BHAGAT

    ReplyDelete