Saturday 21 February 2009

मार्ग न खुला तो हवाई सेवा का लुत्फ उठाएंगे यात्रीपिथौरागढ़।

कुमाऊं मंडल विकास निगम ने कैलाश मानसरोवर यात्रा २००९ में शामिल होने वाले प्रत्येक यात्री से अब २० हजार रुपये किराए के रूप में लेने का निर्णय लिया है। यह राशि पिछली बार की तुलना में करीब सात सौ रुपये अधिक होगी। उधर, प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने कहा है कि धारचूला-तवाघाट मार्ग पर चौतुलधार में हुए भूस्खलन के कारण यात्रा संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। सरकार यात्रियों को हवाई मार्ग से ले जाने के विकल्प पर भी विचार कर रही है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटन महाप्रबंधक अशोक जोशी ने नैनीताल से फोन पर बताया कि इस बार निगम हर कैलाश यात्री से २० हजार रुपये की राशि लेगा। पिछली बार तक यह राशि १९२४० रुपये थी। उन्होंने कहा इस राशि से निगम यात्रियों को दिल्ली से तवाघाट तक पहुंचाने और यात्रा पड़ावों में भोजन तथा आवास की व्यवस्था उपल4ध कराता है। श्री जोशी ने बताया कि राशि बढ़ाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार ने ले लिया है। इसकी जानकारी वह बाकायदा २४ फरवरी को पिथौरागढ़ में होने वाली कैलाश यात्रा की तैयारी बैठक में अधिकारियों को दे देंगे। प्रदेश के पर्यटन मंत्री प्रकाश पंत ने देहरादून से फोन पर बताया कि चौतुलधार भूकटाव के कारण यात्रा के कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि तीन माह में यदि चौतुलधार में सड़क पर पड़ा मलबा नहीं हटता तो सरकार यात्रियों के लिए हवाई सेवा शुरू करने पर विचार करेगी। इस पर हालांकि यात्रियों का खर्च और बढ़ जाएगा।

No comments:

Post a Comment