Saturday 31 January 2009

दिल्ली में दिखाया उत्तराखँड ने दम

३१ jan-

देहरादून: गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रदेश की एनसीसी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। सत्रह डायरेक्टरेट में उत्तराखंड ग्यारवें स्थान पर रहा। प्रदेश की शालिनी नौटियाल ने जहां परेड का नेतृत्व किया, वहीं फिलोमीना प्रदेश से सर्वश्रेष्ठ कैडेट के रूप में चुनी गई। इसके अलावा प्रदेश के छह कैडेट विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए चुने गए। गणतंत्र दिवस आयोजन में भाग लेने दिल्ली गया एनसीसी कैडेट्स का 84 सदस्यीय ग्रुप गुरुवार देर रात लौट आया। शुक्रवार को ये कैडेट्स एनसीसी के कंबाइंड अटैचमेंट (सीएटी) कैंप में शामिल हुए। दिल्ली गए ग्रुप के कमांडर कर्नल आरएस सिरोही ने दिल्ली प्रवास के अनुभव बताए। उन्होंने कहा कि सबसे छोटी डायरेक्टरेट होने के बावजूद उत्तराखंड के कैडेट्स ने हर प्रतियोगिता में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। परेड में प्रदेश से 14 बालिका और 7 बालक कैडेट्स ने भाग लिया। बालिका वर्ग में परेड का नेतृत्व प्रदेश की शालिनी नौटियाल ने किया। गार्ड आफ आनर में आर्मी ग्रुप का नेतृत्व प्रदेश के हेमंत रावत ने किया। कर्नल सिरोही ने बताया कि पैरासेलिंग में कविता बिष्ट व अमित नेगी, स्लीदरिंग में चांदनी व आकाशदीप, कमेंटरी में हिमांशु डिमरी व नितिन थापा, फ्लैग एरिया में संदीप पांडे ने और इसके अलावा कला, ममता, नैना बाली आदि कैडेट्स ने विभिन्न आयोजनों में दमदार प्रदर्शन किया।