Thursday 29 January 2009

पहाड़ी लुक में नजर आएंगे कैंट के हवाघर

मसूरी, : लाल टिब्बा व चार दुकान क्षेत्र में अंग्रेजों के बनाए छावनी क्षेत्र के हवाघर अब पहाड़ी लुक में नजर आएंगे। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के दोस्त संजय नारंग इस कवायद में जुट गए हैं। छावनी परिषद भले ही हवाघरों के सौंदर्यीकरण न करा पा रही हो, लेकिन संजय नारंग ने इनकी तस्वीर बदलने का बीड़ा उठाया है। सौंदर्यीकरण की अनुमति भी ली गई है। छावनी क्षेत्र का लाल टिब्बा क्षेत्र वीआईपी इलाकों में माना जाता है। इस क्षेत्र में जाने-माने लेखक, फिल्मकार रहते हैं। अब सचिन का आशियाना भी है। इस क्षेत्र के हवाघरों को अब एंटीक लुक या यूं कहिए कि पहाड़ी लुक दिया जा रहा है। संजय नारंग ने अपने घर की छत पर भी पहाड़ों में मकानों की छतों में प्रयोग में लाई जाने वाली पठालों(चपटे पतले पत्थर) का बखूबी इस्तेमाल किया है। लगभग यही लुक वे हवाघरों को दे रहे हैं। फिलवक्त वे छावनी के क्षेत्र में छह हवाघरों का निर्माण करवाएंगे। इसके लिए सहारनपुर से मिस्त्री बुलाए गए हैं। इनका डिजायन संजय नारंग ने किसी बड़े डिजाइनर हाउस से करवाया है।